उपार्जन केन्द्रों पर किसानों के लिए मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें : कलेक्टर
प्रत्येक आंगनवाड़ी केन्द्रों पर 15 से 30 अप्रैल तक वार्षिक सर्वे अभियान में घर-घर हितग्राहियों के सर्वे करने के निर्देश
कलेक्टर ने उपभोक्ताओं से अपील कि समाधान योजना में बकाया बिजली बिल जमा करने पर सरचार्ज छूट का लाभ उठाएं
ब्लॉकों में समाधान योजना के कैम्प आयोजित कर उपभाक्ताओं को लाभ दिलाने के निर्देश
जल संरचनाओं के अतिक्रमण मुक्त होने के संबंध में प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश
जल गंगा संवर्धन अभियान में जनपद सीईओ छतरपुर की अत्यंत खराब प्रगति होने पर निलंबन प्रस्ताव भेजने के दिए निर्देश
----
सोमवार को कलेक्टर श्री पार्थ जैसवाल की अध्यक्षता में टीएल बैठक संपन्न हुई। बैठक में संयुक्त कलेक्टर, एसडीएम, निकायों के सीएमओ, जनपदों के सीईओ सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री जैसवाल ने सीएम हेल्पलाईन की लंबित शिकायतों के संतुष्टिकरण निराकरण के लिए पीडब्ल्यूडी, कृषि विभाग, श्रम विभाग, स्वास्थ्य विभाग को प्राथमिकता से निर्देश दिए और कहा कि एक-एक शिकायतकर्ता से बात कर निराकरण करें। उन्होंने लंबित शिकायतें होने पर घुवारा सीएमओ की एक वेतनवृद्धि रोकने के संबंध में शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जल गंगा संवर्धन अभियान में जनपद सीईओ छतरपुर की अत्यंत खराब प्रगति होने पर निलंबन हेतु प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। साथ ही अभियान में जनपदों में डगवेल रिचार्ज, फॉर्म पॉण्ड, सिंचाई संरचनाओं, अमृत सरोवर के कार्यों एवं निकायों में जल संग्रहण संरचनाओं को चिन्हित कर अतिक्रमण मुक्त करने एवं संरचनाओं के अतिक्रमण मुक्त के इसके संबंध में प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए और एसडीएम को भौतिक सत्यापन करने को कहा। अभियान में कोई समुचित कार्यवाही न करने पर ईई पीएचई को शोकॉज जारी करने के निर्देश दिए और वन विभाग को झिरिया, कंटूर ट्रेंच के जल्द टीएस-एएस कराकर कार्य शुरू कराने के लिए निर्देशित किया।
*पीएम आवास के नींव, लिंटल एवं छत स्तर के कार्यों को जल्द पूर्ण करने के निर्देश*
*नरवाई जलाने की घटनाओं में कोई कार्यवाही न कराने पर डीडीए की एक वेतन वृद्धि रोकने के संबंध में शोकॉज*
पीएम आवास शहरी 2.0 के आवास के आवेदन सत्यापित कर डीपीआर प्रेषित करें और छतरपुर, बारीगढ़, चंदला, हरपालपुर के सीएमओ को निर्देशित किया कि संबंधित हितग्राही को नोटिस देकर आवासों के कार्य प्रारंभ कराएं। साथ ही निर्देशित किया कि नींव, लिंटल एवं छत स्तर के कार्यों को जल्द पूर्ण करें।
रबी विपणन वर्ष 2025-26 के तहत जिले में गेंहू का उपार्जन 15 अप्रैल 2026 के शुरू होना है। शेष किसानों के गेंहू फसल भूमि का शीघ्र पुनः सत्यापन कराने के निर्देश दिए। साथ ही उपार्जन केन्द्रों पर किसानों के लिए मूलभूत सुविधाएं, केन्द्रों पर गठानों एवं भंडारण की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा। उन्होंने एसडीएम को चना, मसूर, सरसों की मंडियों में बिक्री की सूची लेकर निरंतर निगरानी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने खेतों में नरवाई जलाने पर कोई कार्यवाही न कराने पर डीडीए की एक वेतन वृद्धि रोकने के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए और स्पष्ट निर्देश दिए। साथ ही कहा कि एसएडीओ द्वारा नरवाई जलाने में कार्यवाही को लेकर लापरवाही बरती गई है संबंधित एसएडीओ पर कार्यवाही के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने विद्युत उपभोक्ताओं के लिए अपने बकाया बिजली बिल 15 मई तक की अवधि मंे जमा करने पर सरचार्ज में छूट हेतु सामाधान योजना का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए कि समाधान योजना का लाभ दिलाने ब्लॉकों में कैम्प लगाकर उपभोक्ताओं को लाभ दिलाएं। साथ ही सीएमएचओ को निर्देश दिए कि लक्ष्यानुसार शेष 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं को एचपीव्ही वैक्सीनेशन कराकर उनकी एंट्री सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने डीपीओ को निर्देश दिए कि 15 से 30 अप्रैल तक वार्षिक सर्वे अभियान के तहत प्रत्येक आंगनवाडियों में घर-घर 0-6 वर्ष के बच्चों, कुपोषित बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के सर्वे कर पंजीबद्ध करने के निर्देश दिए।
साथ ही उन्होंने जनपद सीईओ एवं सीएमओ को निर्देश दिए कि छात्रों की प्रवेश के लिए समग्र आईडी के संबंधित समस्याओं के निराकरण करें। सीएमएचओ को निर्देश दिए कि जांच दल के साथ जाकर जो स्वास्थ्य केन्द्र निर्मित हो रहे हैं उनमें जो भी आवश्यकता व्यवस्थाएं होना है उसके प्रस्ताव भेजें।