नवीन सत्र के प्रारंभ में जिले में पुस्तक-गणवेश मेला, अभिभावकों को मिलेगा लाभ
ब्लॉक स्तर पर 5 अप्रैल तक लगे रहेंगे पुस्तक मेला
-----
कलेक्टर श्री पार्थ जैसवाल के निर्देश पर कार्यालय जनपद शिक्षा केंद्र छतरपुर द्वारा नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 के प्रारंभ को ध्यान में रखते हुए प्राथमिक, माध्यमिक, हाईस्कूल एवं हायर सेकण्ड्री कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने हेतु ब्लॉक स्तर पर विशेष पुस्तक-गणवेश मेला आयोजित किया जा रहा है। इस मेले में पुस्तकें, स्टेशनरी, यूनिफॉर्म एवं जूते आदि सामग्री उचित दरों पर उपलब्ध कराई गई है। मेला 1 अप्रैल से शुरू होकर 5 अप्रैल 2026 तक लगेगा। मेले का समय प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है।
मेले में पुस्तक विक्रेता, गणवेश विक्रेता एवं जूता विक्रेताओं द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाए गए हैं। आयोजन स्थल पर दुकानदारों द्वारा अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के लिए छाया एवं पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं। साथ ही किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन यंत्र रखना अनिवार्य किया गया है।
विशेष रूप से निर्देश दिए गए हैं कि सभी विक्रेता अपनी सामग्री की सूची एवं दरें दृष्टिगोचर जगह पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें। इसके साथ ही अभिभावकों को उपलब्ध कराई जाने वाली शैक्षणिक सामग्री अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) पर कम से कम 15 प्रतिशत की छूट के साथ प्रदान करना अनिवार्य रहेगा।
इस पहल से विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को एक ही स्थान पर आवश्यक सामग्री उचित दरों पर उपलब्ध होने से सुविधा मिलेगी तथा नए सत्र की तैयारियां सुगम होंगी।