राघवेंद्र सिंह बाबू निलंबित, लेकिन वीडियो बनाने वाले पर भी होगी कार्रवाई?.....शिक्षा विभाग की कार्यवाही पर उठने लगे सवाल

राघवेंद्र सिंह बाबू निलंबित, लेकिन वीडियो बनाने वाले पर भी होगी कार्रवाई?.....शिक्षा विभाग की कार्यवाही पर उठने लगे सवाल 
छतरपुर, प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा बाबू राघवेंद्र सिंह के निलंबन की कार्रवाई के बाद अब एक नया सवाल सामने आ रहा है। चर्चा इस बात की है कि जिस वीडियो के आधार पर यह कार्रवाई हुई, उसे बनाने और वायरल करने वाले व्यक्ति की भूमिका की भी जांच होगी या नहीं?सूत्रों के अनुसार, वीडियो और उससे जुड़े पूरे मामले की जानकारी पहले से प्रभारीजिला शिक्षा अधिकारी के संज्ञान में थी। यह भी कहा जा रहा है कि इस संबंध में संबंधित व्यक्ति को बुलाकर चर्चा और बैठक भी की गई थी। ऐसे में अब यह प्रश्न उठ रहा है कि यदि राघवेंद्र सिंह पर विभागीय कार्रवाई की गई है, तो क्या वीडियो बनाने वाले व्यक्ति की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच की जाएगी?
यदि इस मामले में एक पक्ष पर कार्रवाई होती है और दूसरे पक्ष की भूमिका की जांच नहीं होती, तो इससे शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ सकते हैं। विभाग के अंदर आपसी खींचतान या गुटबाजी जैसी चर्चाएं भी सामने आ रही हैं, हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।यह भी माना जा रहा है कि ऐसे विवादों का असर पूरे शिक्षा विभाग की छवि पर पड़ता है। जिले में प्रशासनिक पारदर्शिता और सुशासन के लिए पहचाने जाने वाले कलेक्टर पार्थ जायसवाल की कार्यशैली पर भी ऐसे विवादों की छाया पड़ सकती है। इसलिए आवश्यकता इस बात की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच हो, ताकि तथ्य सामने आएं और यदि कोई अन्य व्यक्ति भी दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई
सुनिश्चित की जा सके।अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि शिक्षा विभाग इस मामले में केवल निलंबन तक सीमित रहता है या फिर पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर सभी जिम्मेदार पक्षों पर समान रूप से कार्रवाई करता है यह बड़ा सवाल है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post