जनगणना 2027 के प्रथम चरण के लिए 16 अप्रैल से शुरू हो रहा वेब स्व गणना पोर्टल
कलेक्टर ने की अपील प्रथम चरण में मकानों की गणना संबंधी जानकारी नागरिक खुद से पोर्टल पर भर सकते हैं
विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विशेष रूप से स्व गणना वेब पोर्टल का उपयोग करने के निर्देश
नगरीय एवं ग्रामीण के प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण के निर्देश
---
सोमवार को टीएल बैठक में कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री पार्थ जैसवाल ने जनगणना 2027 में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 01 मई से 30 मई 2026 तक किया जाना है। साथ ही 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक जनसामान्य के लिए स्व गणना वेब पोर्टल प्रारंभ किया जा रहा है। जिसमें नागरिक स्वयं अपनी जनगणना संबंधी जानकारी भर सकेगा। उक्त प्रक्रिया करने के पश्चात 01 मई से जब प्रगणक घर-घर जाएंगे तो वह एक स्व-गणना पहचान संख्या के माध्यम से सत्यापन कर सकेंगे।
कलेक्टर ने नागरिकों से अपील कि है कि जनगणना की एक आधुनिक व्यवस्था स्वगणना वेब पोर्टल से नागरिक स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को भी स्व गणना वेब पोर्टल से जनगणना संबंधी प्रक्रिया की जानकारी स्वयं दर्ज करने को कहा और कहा कि अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को भी इस पोर्टल से जनगणना प्रक्रिया को आसान बनाएं।
साथ ही कलेक्टर ने नगरीय एवं ग्रामीण चार्ज अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण कराएं और यदि कोई अनुपस्थित हो गया है तो उसका भी पुनः प्रशिक्षण सुनिश्चित करें। जनपद एवं निकायों के सभी शासकीय कार्यालयों में जनगणना के प्रचार के लिए पोस्टर चस्पा करें।
Jansampark Madhya Pradesh