लोक शिक्षण आयुक्त के साथ बैठक सम्पन्न शिक्षकों एवं कर्मचारियों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहमति
भोपाल। स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत आयुक्त, लोक शिक्षण (डीपीआई) के समक्ष आयोजित बैठक में मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों द्वारा शिक्षकों एवं कर्मचारियों से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। बैठक में प्रमुख मुद्दों पर सकारात्मक सहमति बनी।
बैठक में आयुक्त श्री अभिषेक सिंह सहित श्री के.के. द्विवेदी, सुश्री कामना आचार्य, श्री धर्मेंद्र शर्मा एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। कर्मचारी संघ की ओर से प्राप्त सुझावों एवं बिंदुओं पर गंभीरतापूर्वक विचार किया गया।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि शिक्षकों की टीईटी परीक्षा के संबंध में एक स्पष्ट एवं सुव्यवस्थित आदेश शीघ्र जारी किया जाएगा, जिसमें यह वर्गीकृत एवं सरलीकृत रूप में निर्धारित किया जाएगा कि किन शिक्षकों के लिए परीक्षा अनिवार्य होगी तथा किन्हें नियमानुसार छूट अथवा सरलीकरण प्रदान किया जाएगा।
इस संबंध में प्रदेश शासन द्वारा माननीय सर्वोच्च न्यायालय में लंबित प्रकरण के संदर्भ में शासकीय अधिवक्ता से अभिमत प्राप्त करने की कार्यवाही प्रगति पर है। अभिमत प्राप्त होते ही आवश्यकतानुसार माननीय सर्वोच्च न्यायालय में पुनर्याचिका प्रस्तुत की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, जिन शिक्षकों को वेतनवृद्धि एवं समयमान वेतनमान की पात्रता है, उनके प्रकरणों में आवश्यक कार्यवाही करते हुए आदेश शीघ्र जारी किए जाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पात्र शिक्षकों को समयबद्ध रूप से लाभ उपलब्ध कराया जा सके।
टीईटी परीक्षा से संबंधित प्रकरण में विभाग द्वारा शिक्षकों को पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा। यदि माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा परीक्षा संबंधी निर्देश यथावत रखे जाते हैं, तो परीक्षा में सम्मिलित होने वाले शिक्षकों के लिए तहसील एवं विकासखंड स्तर पर प्रशिक्षण एवं सिलेबस आधारित मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे शिक्षकों को परीक्षा की तैयारी में सुविधा हो।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि डीपीआई स्तर पर शीघ्र ही एक परामर्शदात्री बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें मुख्यालय एवं कार्यालय स्तर की लंबित समस्याओं के निराकरण हेतु विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा।
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आशा व्यक्त की गई है कि उपर्युक्त निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन से शिक्षकों एवं कर्मचारियों की विभिन्न लंबित समस्याओं का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित होगा। साथ ही, बैठक में मध्यप्रदेश शिक्षक संघ, मध्यप्रदेश शिक्षक कांग्रेस एवं मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के अध्यक्ष एवं महामंत्री उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh