टीकमगढ़ में रिश्वतखोरी का पर्दाफाश: 5 हजार लेते वनरक्षक रंगे हाथ गिरफ्तार

टीकमगढ़ में रिश्वतखोरी का पर्दाफाश: 5 हजार लेते वनरक्षक रंगे हाथ गिरफ्तार
टीकमगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लोकायुक्त सागर की टीम ने वन विभाग के एक वनरक्षक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी वनरक्षक की पहचान अरुण अहिरवार के रूप में हुई है, जो कुंडेश्वर बीट में पदस्थ था।

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के बानपुर निवासी अरबाज खान लकड़ी का व्यवसाय करते हैं। वे किसानों से लकड़ी खरीदकर फर्नीचर बनाने का काम करते हैं। आरोप है कि लकड़ी के परिवहन के दौरान वनरक्षक अरुण अहिरवार उनसे प्रति वाहन 2 हजार रुपये की अवैध वसूली करता था। इतना ही नहीं, आरोपी हर महीने 10 हजार रुपये की नियमित रिश्वत भी मांग रहा था।

शिकायतकर्ता ने बताया कि पहले भी पैसे न देने पर उसका लकड़ी से भरा वाहन जब्त कर लिया गया था और छोड़ने के बदले 10 हजार रुपये की मांग की गई थी। लगातार हो रही इस अवैध मांग से परेशान होकर अरबाज खान ने लोकायुक्त पुलिस से शिकायत की।

शिकायत की पुष्टि के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया और गुरुवार को अंबेडकर चौराहे के पास वन विभाग के पुराने कार्यालय के नजदीक आरोपी वनरक्षक को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।

फिलहाल लोकायुक्त टीम द्वारा आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई से वन विभाग में हड़कंप मच गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post