ग्राम बसिया में कुएं में एक मृत वन्यप्राणी तेंदुआ का शव पड़े होने की सूचना मिलने पर की गई जांच
जांच में एक आरोपी गिरफ्तार, प्रकरण हुआ पंजीबद्ध
------
20 मार्च 2026 को वनमण्डल छतरपुर अंतर्गत वन परिक्षेत्र लवकुशनगर (खजुराहो) की बीट हर्रई से लगे राजस्व ग्राम बसिया अंतर्गत कुएं में एक मृत वन्यप्राणी तेंदुआ के शव पड़े होने की सूचना प्राप्त हुई, जिसके तारतम्य में मौके पर स्टाफ के द्वारा पहुंचकर मौके की तफ्तीश की गई। तत्पश्चात् घटना स्थल का घेराव किया गया। मौका स्थल के निरीक्षण के लिए पन्ना टाईगर रिजर्व, पन्ना के डॉग स्क्वॉयड को बुलाया गया।
प्रकरण में दिनांक 21 मार्च 2026 को डॉग स्क्वॉयड के द्वारा गहन छानबीन की गई। प्रथमदृष्टया तेंदुए को विधुत करंट से मारकर कुएं में फेंकना पाया गया। अपराध में प्रयुक्त बिजली के तार व खूंटियां जब्त की गई। साथ ही एक आरोपी की भी गिरफ्तारी की गई। वन अपराध प्रकरण क्र. 643/20 दिनांक 20 मार्च 2026 पंजीबद्ध किया गया। प्रकरण की विस्तृत जांच उप वनमण्डलाधिकारी छतरपुर के द्वारा की जा रही है। उक्त तेंदुए के शव का नियमानुसार पशु चिकित्सक के द्वारा शव परीक्षण किया गया एवं निर्धारित प्रक्रिया अनुसार शव का विनिष्टीकरण किया गया। उक्त जानकारी श्री ऋषि मिश्र वनमंडलाधिकारी द्वारा दी गई।